नई दिल्ली, 2 जुलाई।
भारत वैश्विक वस्त्र उद्योग में अपनी बढ़ती ताकत और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। देश का सबसे बड़ा वैश्विक वस्त्र आयोजन ‘भारत टेक्स 2026’ आगामी 14 से 17 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। यह चार दिवसीय मेगा इवेंट भारतीय टेक्सटाइल उद्योग की संपूर्ण वैल्यू चेन को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा और व्यापार, निवेश, तकनीक, नवाचार तथा निर्यात के नए अवसरों का द्वार खोलेगा।
भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के सहयोग से भारत टेक्स ट्रेड फेडरेशन द्वारा आयोजित इस आयोजन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5F विजन Farm to Fibre, Fibre to Factory, Factory to Fashion और Fashion to Foreign से प्रेरणा मिली है। इसका उद्देश्य भारत को वैश्विक टेक्सटाइल हब के रूप में स्थापित करना और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक साझेदारियों को नई गति देना है।
दुनिया भर से जुटेंगे उद्योग जगत के दिग्गज
भारत टेक्स 2026 में 7,000 से अधिक वैश्विक खरीदार, 1.30 लाख से अधिक व्यापारिक आगंतुक, 1,600 से अधिक प्रदर्शक और 20,000 से अधिक वस्त्र उत्पादों का प्रदर्शन होगा। लगभग 16 लाख वर्ग फुट में फैली विशाल प्रदर्शनी में टेक्निकल टेक्सटाइल्स, फैशन, होम टेक्सटाइल्स, फाइबर, यार्न, फैब्रिक, गारमेंट्स और आधुनिक टेक्सटाइल तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।
20 से अधिक देशों के विशेषज्ञ करेंगे मंथन
आयोजन में 20 से अधिक देशों के 350 से अधिक विशेषज्ञ, नीति-निर्माता, उद्योगपति, CXO और वैश्विक विचारक भाग लेंगे। अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, जापान, फ्रांस, इटली, दक्षिण कोरिया, कनाडा, स्पेन, थाईलैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश, वियतनाम, मिस्र और अन्य देशों की भागीदारी इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक महत्वपूर्ण बनाएगी। इसके लिए एक विशेष इंटरनेशनल पवेलियन भी तैयार किया जा रहा है।
राज्यों को मिलेगा निवेश आकर्षित करने का अवसर
भारत टेक्स 2026 में देश के कई राज्य अपनी औद्योगिक नीतियों, टेक्सटाइल क्लस्टर, निवेश संभावनाओं और विनिर्माण क्षमताओं का प्रदर्शन करेंगे। मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और तमिलनाडु प्रायोजक राज्यों के रूप में भाग लेंगे, जबकि राजस्थान, आंध्र प्रदेश, असम, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर सहित कई अन्य राज्य भी अपनी औद्योगिक क्षमता प्रदर्शित करेंगे।
100 से अधिक ज्ञान सत्र होंगे आयोजित
इस वर्ष आयोजन में 100 से अधिक नॉलेज सेशन, 39 पैनल चर्चा, 16 राउंडटेबल बैठकें, 37 मास्टरक्लास और 8 राज्य-विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें निर्यात, सतत विकास (Sustainability), इंडस्ट्री 5.0, टेक्सटाइल नवाचार, वैश्विक सप्लाई चेन, फाइबर सुरक्षा और नई तकनीकों जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। इससे विशेष रूप से MSME और उभरते निर्यातकों को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।
3500 से अधिक B2B बैठकें और बड़े निवेश समझौते
आयोजन के दौरान लगभग 3,500 B2B मीटिंग्स, 100 से अधिक B2G बैठकें और व्यापार, निवेश, तकनीक एवं वैश्विक सहयोग से जुड़े 20 से अधिक एमओयू (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इससे भारत के टेक्सटाइल निर्यात, विदेशी निवेश और वैश्विक साझेदारियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
डिजिटल होगा पूरा आयोजन
भारत टेक्स 2026 के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया है, जिसके माध्यम से प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीकरण, बिजनेस मैचमेकिंग, B2B मीटिंग शेड्यूल, डिजिटल बैज, स्टॉल लोकेशन, फ्लोर प्लान, लाइव अपडेट और AI आधारित सहायता जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। इसके साथ ही प्री-फेयर डिजिटल डायरेक्टरी के जरिए खरीदार और विक्रेता आयोजन से पहले ही संभावित व्यावसायिक साझेदारों की पहचान कर सकेंगे।
भारत को मिलेगा वैश्विक टेक्सटाइल नेतृत्व का अवसर
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत टेक्स 2026 केवल एक व्यापार मेला नहीं, बल्कि भारत को वैश्विक टेक्सटाइल विनिर्माण, निर्यात, निवेश और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह आयोजन ‘ब्रांड इंडिया’ को वैश्विक बाजार में नई पहचान देगा और विकसित भारत की आर्थिक यात्रा को नई मजबूती प्रदान करेगा।
अधिक जानकारी के लिए कृपया देखें:
www.bharat-tex.com








