नई दिल्ली, 2 जुलाई।
देश के युवाओं को कौशल, रोजगार, इंटर्नशिप, उद्यमिता और राष्ट्र निर्माण के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का युवा कार्यक्रम विभाग 3 जुलाई को नई दिल्ली स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में एक महत्वपूर्ण उद्योग संघ सम्मेलन आयोजित करेगा। इस सम्मेलन में सरकार, उद्योग जगत, कॉरपोरेट संस्थानों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और प्रमुख विकास भागीदारों के बीच सहयोग को मजबूत करने की दिशा में व्यापक रणनीति तैयार की जाएगी।
सम्मेलन में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा निखिल खडसे की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इसके अलावा युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव डॉ. पल्लवी जैन गोविल, अपर सचिव नितेश कुमार मिश्रा, संयुक्त सचिव शिव रतन, मेरा युवा भारत (MY Bharat) की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रियंका शुक्ला तथा विभिन्न मंत्रालयों और संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी भी भाग लेंगे।
युवा नेतृत्व वाले विकास पर रहेगा फोकस
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सरकार और उद्योग जगत के बीच ऐसी संस्थागत साझेदारी विकसित करना है, जिससे देश के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर स्वयंसेवा, इंटर्नशिप, कौशल विकास, रोजगार, स्टार्टअप, उद्यमिता और कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) से जुड़े अधिक अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
बैठक में ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) प्लेटफॉर्म को युवाओं के लिए एक राष्ट्रीय अवसर मंच के रूप में विकसित करने पर विशेष चर्चा होगी। इसके माध्यम से युवाओं को विभिन्न सरकारी एवं निजी संस्थानों की विकास योजनाओं से जोड़ने की रणनीति तैयार की जाएगी।
देश के प्रमुख उद्योग संगठन होंगे शामिल
सम्मेलन में देश के प्रमुख उद्योग संगठनों और व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इनमें सीआईआई (CII), फिक्की (FICCI), एसोचैम (ASSOCHAM), नैसकॉम (NASSCOM), पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स (PHDCCI), क्रेडाई (CREDAI), इंडियन बैंक्स एसोसिएशन, इंडिया एसएमई फोरम, कैट (CAIT), स्कोप (SCOPE) सहित कई प्रमुख संस्थाएं शामिल होंगी।
इसके अलावा एसबीआई फाउंडेशन, रिलायंस फाउंडेशन, पेटीएम फाउंडेशन, एचसीएल फाउंडेशन, बिसलेरी फाउंडेशन और प्रथम जैसी अग्रणी CSR संस्थाएं भी सम्मेलन में भाग लेकर युवा सशक्तिकरण के लिए अपने अनुभव और सहयोग साझा करेंगी।
कौशल, रोजगार और CSR पर बनेगी नई रणनीति
सम्मेलन में ‘मेरा युवा भारत’ की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी और उद्योग संगठनों द्वारा अपनी मौजूदा एवं प्रस्तावित युवा-केंद्रित पहलों की प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR), कौशल विकास, इंटर्नशिप, स्वयंसेवा और रोजगार सृजन के लिए साझा कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श होगा।
युवा कार्यक्रम विभाग की सचिव की अध्यक्षता में खुली चर्चा के दौरान उद्योग जगत और सरकारी विभागों के बीच दीर्घकालिक सहयोग की रूपरेखा तैयार की जाएगी, जिससे युवाओं को अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए स्थायी संस्थागत साझेदारियां विकसित की जा सकें।
‘मेरा युवा भारत’ बनेगा राष्ट्रीय अवसर मंच
सरकार का लक्ष्य ‘मेरा युवा भारत’ को देशभर के युवाओं के लिए अवसरों का सबसे बड़ा डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाना है। सम्मेलन के माध्यम से उद्योग संगठनों और उनके सदस्य संस्थानों को MY Bharat से जोड़ने, युवा-केंद्रित CSR कार्यक्रमों में समन्वय बढ़ाने और राष्ट्रीय स्तर पर सहयोगी नेटवर्क तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को गति देने के साथ-साथ देश के करोड़ों युवाओं को रोजगार, कौशल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के नए अवसर प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगी।






